



मुकेश कुमार
नरहट (नवादा): हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) के संस्थापक एवम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी एवं हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण मंत्री संतोष कुमार सुमन द्वारा आयोजित गरीब संपर्क यात्रा सोमवार को नवादा जिले में सिरदला के रास्ते बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबू के जन्म भूमि खनवां पहुंचा जहां भव्य स्वागत किया गया। नेताओं ने खनवां में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री बिहार केसरी डॉ श्रीकृष्ण सिंह के प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि डॉ श्रीकृष्ण सिंह ने समाजवाद की डोर को आगे बढाने का काम किया था,सबको साथ लेकर चलने का काम किया आज उनके पद चिन्हों पर चलने की जरूरत है। आज हम लोग किसी न किसी रूप में जात-पात, धर्म के नाम पर बटकर काम करते हैं जिससे हमारा भारत कमजोर होता है,समाज कमजोर होता है। डॉ श्रीकृष्ण सिंह ने देवघर मंदिर में दलितों को प्रवेश दिलाने का काम किया था। जमींदारी उन्मूलन खत्म कर गरीबों किसानों को भलाई का काम किया। उन्होंने समाजवाद की डोर को आगे बढाने का काम किया। उन्होंने कहा कि आज खनवां में पॉलिटेक्निक कॉलेज बना है वह नवादा के नाम पर है। यह अन्याय हुआ है यह कॉलेज श्रीकृष्ण सिंह के नाम पर होना चाहिए था। इन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह जी का एक आदमकद प्रतिमा, पुस्तकालय, वाचनालय होना चाहिए था।
सभा को हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण मंत्री संतोष कुमार सुमन ने सम्बोधित करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण सिंह के विचारों को लेकर हमारी पार्टी चली है जिसका नारा है “हम गरीबों को सेवा करें” “हम गरीबों को आगे बढ़ाएं” गरीबों में ऊर्जा देंगे। इसलिए हमारे नेता जीतनराम मांझी जी ने एक आवाज दिया है कि हम सभी गरीब एक हो, सबका इरादा नेक हो। जिस गरीब को लेकर श्रीकृष्ण बाबू चले थे हम लोग उनके पद चिन्हों पर हैं इसलिए हमारी पार्टी ने पुरजोर तरीके से मांग की है श्रीकृष्ण सिंह को भारत रत्न मिलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इसलिए स्वयं प्रधानमंत्री जी से मिलकर श्रीकृष्ण सिंह के साथ साथ कर्पूरी ठाकुर और पर्वत पुरुष बाबा दशरथ मांझी जी के लिए भारत रत्न दिलाने के लिए मेमोरेंडम दिया गया है। फिर हम लोग समय लेकर प्रधानमंत्री जी के पास जायेगें।
बाबा भीमराव अंबेडकर जी के प्रतिमा पर किया माल्यार्पण :
गरीब संपर्क यात्रा खनवां से आगे बढ़ने पर हसनपुरा गांव के पास बने संबिधान निर्माता बाबा डॉ भीमराव अंबेडकर साहेब के आदमकद प्रतिमा पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी समेत यात्रा में शामिल कई गण्यमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। हसनपुरा में सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब गरीब संपर्क यात्रा में यह जानने के लिए आये हैं कि किस-किस को प्रधानमंत्री आवास मिला है कि नहीं, राशन कार्ड बना है कि नहीं, मिला है तो पैसा देने के बाद मिला है या बिना बिचौलियों को पैसा दिए मिला?
उन्होंने 26 को गांधी मैदान में आने का न्योता देते हुए कहा कि हमारे आदमी दूसरे की पार्टी में जाते हैं। यह अपना पार्टी है। एकरा में जितना संख्या में आईयेगा उतना आपलोगों की मांग मजबूत होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से अपने बच्चों को पढ़ाई कराने पर बल दिया। गरीब संपर्क यात्रा हसनपुरा से ओलिपुर, नरहट, शेखपुरा होते हिसुआ की तरफ बढ़ गया। सभी जगहों पर लोगों ने भव्य स्वागत किया। यात्रा में हम पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण, टेकारी विधायक सह पूर्व मंत्री अनिल कुमार सिंह, प्रदेश अध्यक्ष प्रफुल मांझी, जिलाध्यक्ष अशोक मांझी, रोमित कुमार, प्रखण्ड अध्यक्ष रंजन कुमार, पूर्व मुखिया शंकर राजन, समाजसेवी मसीहउद्दीन, गौरव कुमार आदि मौजूद थे।